धमतरी… सिहावा विधायक अंबिका मरकाम लगातार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में महतारी सदन की महत्वपूर्ण सौगात अब सिहावा विधानसभा क्षेत्र को प्राप्त हुई है। विधायक अंबिका मरकाम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप बेलरगांव ब्लॉक के ग्राम गड़ोगरी माल एवं मगरलोड ब्लॉक के ग्राम सिंगपुर में महतारी सदन की स्वीकृति प्रदान की गई है।
महतारी सदन” छत्तीसगढ़ शासन की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक सशक्तिकरण हेतु एक स्थायी मंच और संरचना उपलब्ध कराना है। यह एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन होता है जहाँ ग्रामीण महिलाएं समूह में आकर स्व-सहायता समूह (SHG) की बैठकों, हस्तशिल्प, सिलाई-कढ़ाई, अचार-पापड़ निर्माण, पोषण जागरूकता, स्वास्थ्य शिविरों, एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी हेतु नियमित रूप से सक्रिय हो सकेंगी।




