मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन एवं माननीय परिवहन मंत्री के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में महासमुंद जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में स्थानीय शासकीय चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में परिवहन कार्यालय के पाँच कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सेवा और मानवीयता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य समाज में सहयोग, समर्पण और सेवा की भावना को मजबूत करना है। रक्तदान जैसी पुण्यकारी गतिविधि से न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि यह जन-जागरूकता का भी माध्यम बनती है। उन्होंने कहा कि हर सक्षम व्यक्ति को जीवन में समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
महासमुन्द शासकीय चिकित्सालय के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवहन विभाग द्वारा किया गया यह कदम प्रेरणादायक है
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन से सेवा पखवाड़ा की गरिमा और भी बढ़ गई है। इस अवसर पर परिवहन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने एकजुट होकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया और आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।
इस प्रकार सेवा पखवाड़ा 2025 में परिवहन विभाग का यह प्रयास समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है।




