नगरी…. नव आनंद कला मंदिर नगरी के तत्वाधान में आयोजित नगर स्तरीय नवदुर्गा एवं विजयदशमी महोत्सव में गुरुवार की शाम छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकगायिका आरू साहु और उनके म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि पूरा नगर सुर और ताल पर झूम उठा।
लोकगायिका आरू साहु ने अपनी ख्याति प्राप्त लोकगीतों और पारंपरिक रचनाओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खचाखच भरे मैदान में लोग उनके सुरों की लय में थिरकते रहे और देर तक तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।
आकर्षक साज-सज्जा से सजे मंच पर आरू साहु ने करमा, सुवा, ददरिया, पंडवानी जैसे लोकगीतों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की सुगंध बिखेरते इन गीतों ने लोगों के दिलों को छू लिया।




