धमतरी…. पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में संचालित गुम मोबाइल वापसी अभियान लगातार उल्लेखनीय परिणाम दे रहा है। इसी कड़ी में नवरात्रि के अष्टमी पर्व पर गांधी मैदान, धमतरी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में 108 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत लौटाए गए।
इस अभियान के तहत अब तक पुलिस की विशेष टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों की मदद से 108 मोबाइल बरामद किए गए हैं। वहीं, थाना स्तर पर की गई पूर्व कार्यवाहियों में अब तक 570 से अधिक मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।
मोबाइल पाकर नागरिकों ने पुलिस के प्रति आभार जताया और इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की।
हेलमेट वितरण एवं गुड सेमेरिटन सम्मान
◆ यातायात सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु धमतरी पुलिस द्वारा 50 नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया-:
● “हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है।”
● साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुँचाने वाले दो *गुड सेमेरिटन* को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणीशंकर चन्द्रा, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश मरई, यातायात प्रभारी, साइबर प्रभारी, चंद्रशेखर शर्मा सहित मीडिया बंधु, गणमान्य नागरिक एवं मोबाइल मालिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




