धमतरी…छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में एक 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार दूसरे जिले से ईंट भट्ठे पर काम करने आया था। आरोपी राकेश मंडावी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बच्ची का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी राकेश मंडावी भी ईंट भट्ठे पर काम करता था। मंगलवार को उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। किसी तरह बच्ची ने अपनी आपबीती परिजनों तक पहुंचाई।
बच्ची के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डीएसपी मोनिका मरावी और कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
डीएसपी मोनिका मरावी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




