धमतरी। एसपी धमतरी के निर्देशन में थाना बोराई ने चेक पोस्ट बोराई पर मादक पदार्थ गांजा में बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय यात्री बस से 35 किलो 783 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग कीमती 17,89,150 रूपये बताई जा रही है। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना बोराई क्षेत्र अंतर्गत चेक पोस्ट बोराई में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान यात्री बस “नरेश” क्रमांक CG-07-E-4433 कोरापुट (उड़ीसा) से रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रही थी, बस को रोककर चेक किया गया। बस में लोवर बर्थ क्रमांक 23 एवं 24 में बैठी दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में पाई गईं, जिनके पास तीन ट्रॉली बैग रखे हुए थे। दोनों महिलाओं को बस से उतारकर उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन सूटकेस में 8 बंडलों में मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का वजन 35 किलो 783 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 17,89,150/- रूपए है। मादक पदार्थ गांजा को जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों रेखा रानी, पति – अजय कश्यप, निवासी – वार्ड क्रमांक 24, बाजीगर बस्ती, फरीदकोट और कोमल चौधरी, निवासी – दतिया, पोस्ट खामनी, जिला – नवरंगपुर (स्थायी पता – मथुरा, (उत्तर प्रदेश) के विरुद्ध थाना बोराई में धारा 20(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।



