धमतरी…. सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिले की प्रभारी सचिव शम्मी आबिदी ने आज धमतरी प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों एवं संचालित गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मखाना खेती का अवलोकन, महिला समूहों को जोड़ने के निर्देश
डांडेसरा-छाती में मखाना खेती का निरीक्षण करते हुए प्रभारी सचिव ने कृषि आधारित नवाचार की सराहना की। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों को इस गतिविधि से जोड़कर आयवृद्धि एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की नवाचारी पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होंगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि धमतरी जिले के विभिन्न विकासखंडों जैसे धमतरी, कुरुद, मगरलोड और नगरी में कुल 125 एकड़ रकबे में मखाना की खेती का विस्तार किया जा रहा है। इस परियोजना में छाती, डांडेसरा, राखी, रांकाडीह और सांकरा जैसी ग्राम पंचायतें सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। जिले में लगभग 55 एकड़ क्षेत्र में मखाना बीज की बुवाईकी जा चुकी है। इस अवसर पर सहायक संचालक श्रीमती पूजा साहू सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
पीएम श्री स्कूल में शैक्षणिक गुणवत्ता की समीक्षा
पीएम श्री स्कूल बठेना में उन्होंने लाइब्रेरी, अटल टिंकरिंग लैब, डिजिटल संसाधनों एवं आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के विद्यार्थियों से परीक्षा तैयारियों के संबंध में चर्चा कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु नवाचार अपनाने और विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर बल दिया।
वर्किंग वुमेन हॉस्टल की सुविधाओं का जायजा
वर्किंग वुमेन हॉस्टल धमतरी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवासीय सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं स्वच्छता का जायजा लिया। हॉस्टल की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक कार्यरत महिलाओं को इस सुविधा से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि यह परिसर पूर्ण क्षमता से संचालित हो सके।
नव-निर्मित स्किल सेंटर में कौशल विकास पर जोर
कोलियरी स्थित नव-निर्मित स्किल सेंटर (को-वर्किंग भवन) का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। युवाओं को स्थानीय उद्योगों, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि कौशल विकास रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम है। प्रभारी सचिव ने निर्देशित किया कि महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, आजीविका और कौशल विकास से संबंधित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर जिले में समग्र एवं सतत विकास को गति दी जाए।



