सियादेही में कलेक्टर का औचक निरीक्षण : लईका घर, आंगनबाड़ी और स्कूल को मॉडल परिसर बनाने के निर्देश

SHARE:

धमतरी…. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज नगरी विकासखंड के ग्राम सियादेही में संचालित लईका घर, आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक शाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को मिल रही पोषण, शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।

लईका घर में पोषण और सुविधाओं की जानकारी

कलेक्टर ने नौनिहालों को दिए जा रहे पोषक आहार की गुणवत्ता और नियमितता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की माताओं से चर्चा कर भोजन, स्वास्थ्य जांच और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। बच्चों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी में बच्चों की हाजिरजवाबी से हुए प्रसन्न

आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों से कविता सुनी, रंगों की पहचान कराई तथा उनके माता-पिता के नाम पूछे। बच्चों की सहज अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास से वे प्रसन्न नजर आए। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित की।

प्राथमिक शाला में शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना

कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य के सपनों के बारे में जाना। बच्चों द्वारा अंग्रेजी में अपना एवं अपने परिवार का परिचय देने पर उन्होंने उनकी सराहना की। बैठक व्यवस्था एवं अध्ययन के लिए उपलब्ध छोटी टेबल की भी प्रशंसा की।

मॉडल परिसर विकसित करने के निर्देश

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक ही परिसर में लईका घर, आंगनबाड़ी और विद्यालय संचालित होने के कारण इसे मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने स्वच्छता, हरियाली, खेल सामग्री की उपलब्धता और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  गजेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Join us on:

Leave a Comment