कुरूद। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उप संभाग कुरूद में मंगलवार को सुबह 11:00 बजे नए एसडीओ के रूप में राजीव महोबिया ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। चार्ज लेने के बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कुरूद क्षेत्र की जनता को स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी और जवाबदेह बनाते हुए आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
राजीव महोबिया ने कहा कि शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग का मुख्य उद्देश्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में जल गुणवत्ता की निगरानी को मजबूत करने के लिए “जल वाहिनी” का गठन किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक गांव में 5/5 लोगों को प्रशिक्षण दिया जाता है तथा उन्हें पानी जांचने के लिए किट भी प्रदान की जाती है। सामान्य बोर के पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित जल वाहिनी टीम समय-समय पर पानी की जांच कर रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी, जिससे समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने आगे कहा कि पेयजल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, हैंडपंपों के नियमित रखरखाव और जलस्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि जनता को बेहतर सेवा मिल सके।
इस अवसर पर सच्चिदानंद मंडावी बड़े बाबू, शुभ आशीष मानिकपुरी हेंडपंप तकनीशियन, पिकेंद्र कुमार पटेल स्थल सहायक, भूपेंद्र साहू स्थल सहायक, तेजेंद्र दीवान स्थल सहायक, श्रीमती प्रतिभा साहू कंप्यूटर ऑपरेटर, गज्जू सिंन्हा कार्यालय सहायक, संजय बाग भृत्य, रवि यादव चौकीदार सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहे।
नए एसडीओ के पदभार ग्रहण करने से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है।




