धमतरी…. जिले में जल जीवन मिशन के तहत विकासखंड कुरूद के 83 ग्रामों को शामिल करते हुए “सिर्री समूह जलप्रदाय योजना” प्रस्तावित की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से 29,036 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान कर लगभग 1,53,159 ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में योजना की डीपीआर तैयार की जा रही है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा तैयार इस योजना की अनुमानित लागत 12512.31 लाख रुपये है। योजना के अंतर्गत शामिल 83 ग्रामों में इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के लिए 7,239.23 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा रेट्रोफिटिंग एवं सिंगल विलेज योजनाओं का कार्य प्रगति पर है।
यह योजना सतही जल स्रोत पर आधारित होगी। प्रस्तावित जल स्रोत महानदी पर स्थित रुद्री बैराज है। ग्राम डांडेसरा के समीप महानदी मेन कैनाल में स्थापित क्रॉस रेगुलेटर के अपस्ट्रीम में रॉ-वॉटर कलेक्शन समवेल एवं पंप हाउस निर्माण कर जल प्रदाय किया जाएगा। इस व्यवस्था से सभी 83 गांवों में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
विभागीय जानकारी के अनुसार, पूर्व में प्रस्तावित रुद्री समूह जलप्रदाय योजना के अंतर्गत 238 ग्रामों के लिए 13 एमसीएम वार्षिक कच्चे जल की उपलब्धता का प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। सिर्री समूह योजना के 83 ग्राम भी उसी जल स्रोत से जुड़े रहेंगे, जिससे जल उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
योजना के पूर्ण क्रियान्वयन में लगभग 24 माह का समय संभावित है। योजना के पूर्ण होने पर विशेष रूप से भू-जल स्तर में गिरावट वाले गांवों को राहत मिलेगी और ग्रामीणों को घर-घर नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।




