कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक,  आंगनबाड़ियों को गोद लेने की पहल, अधिकारियों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी

SHARE:

धमतरी…. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ियों को कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा गोद लेने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले की लगभग 100 आंगनबाड़ियों को चिन्हांकित किया गया है, जिन्हें अलग-अलग अधिकारियों को गोद दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गोद ली गई आंगनबाड़ियों का नियमित रूप से निरीक्षण करें और वहां की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन करें। उन्होंने कहा कि भवन की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय की स्वच्छता, साफ-सफाई, बच्चों को समय पर गर्म एवं पौष्टिक भोजन तथा रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बच्चों में कुपोषण की स्थिति, टीकाकरण की प्रगति तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड भ्रमण के दौरान संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों का अनिवार्य रूप से दौरा करें तथा ग्राम सचिव और सरपंच के साथ सतत संपर्क में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों की खेल-खिलौने, छोटी-छोटी जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों का यह छोटा प्रयास बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने मगरलोड विकासखंड में स्थित निराई माता मंदिर परिसर में नवरात्रि की पंचमीं तिथि में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर वर्ष में केवल एक दिन श्रद्धालुओं के लिए खुलता है, इसलिए श्रद्धालुओं और भक्तगणों की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
इसके अलावा बैठक में राजस्व प्रकरणों, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों, विशेषकर मगरलोड और नगरी विकासखंड के ग्रामीण इलाकों में सरकारी सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देकर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं, जिससे ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Join us on:

Leave a Comment