रेत उत्खनन के चलते नदी किनारे गांव की जमीन का तेजी से हो रहा है कटाव, संकट में फस सकता है ग्राम गुदगुदा
कुरुद । कुरुद ब्लॉक के ग्राम पंचायत गुदगुदा के गांव में सुबह 4:00 बजे से लेकर दोपहर 1:00 बजे तक नदी किनारे कछार में रेत के अवैध उत्खनन का कार्य कई दिनो से बदस्तूर जारी है । रेत का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर के मध्यम से कुरुद सहित आस-पास के गांव में बेचा जा रहा है, वहीं ग्राम कोकड़ी और आस पास के डंपिंग एरिया में भी रेत डंप किया जा रहा है , जिस पर खनन विभाग पुरी तरह आंख मुद्दे हुए हैं । गुदगुदा में जिस तरिके से रेत का उत्खनन किया जा रहा है उससे नदी किनारे के कछार की जमीन का कटाव बरसात के दिनों में और बढ़ता जाएगा, जो आने वाले निकट भविष्य में गुदगुदा के लिए ही घातक सिद्ध होगा ।
30 साल बाद गायब हो जाएगा भुगोल से ग्राम गुदगुदा – महानदी के किनारे के गाँव का संतुलन रेत उत्खनन के चलते बिगड़ता जा रहा है, जिसे लेकर कोई भी गंभीर नहीं है। स्थिति यहीं बनी रही तो औसत वर्षा की स्थिति में ग्राम गुदगुदा का अस्तित्व लगभग 30 से 35 वर्ष में ही खत्म हो जावेगा । वही अत्यधिक वर्षा या आपदा की स्थिति में बहुत जल्दी संकट में आ जावेगा ग्राम गुदगुदा, उसके बाद ग्राम सिरसिदा, परखंदा, चारभाठा और नारी भी महानदी के बाढ़ की चपेट में आ जाने से अपने अस्तित्व की लड़ाई में फस जाएंगे ।
इस संबंध में ग्राम पंचायत गुदगुदा के सरपंच संजय साहू का कहना है कि रेत बेचने का निर्णय मेरा नहीं है। गांव वालों ने मुझसे नहीं पूछा है, जहां तक जमीन के कटाव की बात है तो इसके लिए मैंने स्थानीय विधायक से अनुरोध किया था, जिस पर उन्होने निकट भविष्य में तटबन्ध बनवाने का आश्वासन दिया है ।
इस संबंध में ग्राम गुदगुदा के कुछ ग्रामिणों ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया की यहाँ नदी किनारे नाले और कछार की रेत को कुछ लोग चोरी करके ले जाते थे जिस्से परेशान होकर हमे गांव के पूजा-पाठ आदि सार्वजनिक खर्चों की पूर्ति के लिए कुछ हिस्से का रेत बेचने का निर्णय लेना पढ़ा l साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि गाँव के किनारे की जमीन का कटाव बढ़ रहा है जिसके लिए इसे रोका जाना चाहिए ।
इस संबंध में नायब तहसीलदार रामकुमार सिन्हा का कहना है कि यह मामला मेरे पास अभी आया है, पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद ही बता पाउंगा । इस संबंध में मायनिंग अधिकारी हेमंत चेरपा को फोन लगाया गया लेकिन उन्होने फोन नहीं उठाया । धमतरी कलेक्टर अबीनाश मिश्रा ने कहा मैं दिखवाता हूं ।




