रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात रामकृष्ण अस्पताल परिसर के सीवरेज टैंक (गटर) की सफाई करने उतरे तीन सफाईकर्मियों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसा अस्पताल के पीछे बने टैंक में सफाई के दौरान हुआ। मृतकों की पहचान अनमोल मचकन, गोविंद सेंद्रे और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है।
अस्पताल प्रबंधन ने सीवरेज टैंक की सफाई के लिए स्वीपर बुलाए थे। जब पहला कर्मचारी टैंक में उतरा, तो जहरीली गैस के संपर्क में आकर वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए उसके दो साथी भी नीचे उतरे, लेकिन वे भी गैस के प्रभाव में आ गए और बाहर नहीं निकल सके। रेस्क्यू अभियान हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दो सफाईकर्मियों के शव बाहर निकाल लिए गए। उन्हें तत्काल अस्पताल के आईसीयू (ICU) में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीसरे कर्मचारी का शव निकालने का प्रयास अब भी जारी है।




