मनीष सरवैया महासमुंद। महासमुंद में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज से हिंदू नव वर्ष का शुभारंभ पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नगर सहित ग्रामीण अंचलों के मंदिरों और देवालयों को आकर्षक रूप से सजाया गया है, जहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
महासमुंद नगर की आराध्य देवी महामाया मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, वहीं शीतला मंदिर, बागबाहरा स्थित चंडी मंदिर, मुंगई माता मंदिर सहित जिले के विभिन्न शक्तिपीठों में भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर नव वर्ष का स्वागत किया। मंदिरों में मंत्रोच्चार, और भजन-कीर्तन की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं द्वारा मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की गई, जो पूरे नौ दिनों तक अखंड रूप से जलती रहेगी। भक्तों का मानना है कि इस दौरान सच्चे मन से की गई आराधना से मां दुर्गा सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। कई स्थानों पर कलश स्थापना और घट स्थापना के साथ ही दुर्गा सप्तशती पाठ का शुभारंभ भी हुआ।
मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा, साफ-सफाई और जल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर में जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रमों, और सांस्कृतिक आयोजनों की भी शुरुआत हो गई है।
कुल मिलाकर चैत्र नवरात्रि और हिंदू नव वर्ष के इस शुभ अवसर पर पूरा जिला आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है, जहां हर ओर ‘जय माता दी’ के जयकारों से वातावरण गूंजायमान है।




