रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ा एक्शन लिया है। ईडी ने मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की कुल 1700 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर ली हैं। इसमें दुबई की 18 लग्जरी प्रॉपर्टीज और नई दिल्ली की 2 प्रॉपर्टीज शामिल हैं। जब्त की गई संपत्तियों में बुर्ज खलीफा का अपार्टमेंट भी है। अन्य प्रॉपर्टीज दुबई हिल्स एस्टेट, बिजनेस बे और SLS होटल एंड रेजिडेंस जैसी प्राइम लोकेशन्स पर स्थित हैं।
ईडी के अनुसार, ये सभी संपत्तियां महादेव सट्टा ऐप से अवैध रूप से कमाए गए पैसे से खरीदी गई थीं। जांच एजेंसी ने 25 मार्च 2026 को मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत यह कार्रवाई की। जांच में पता चला कि सौरभ चंद्राकर और उनके सहयोगी रवि उप्पल दुबई से बैठकर पूरे सट्टेबाजी नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। उन्होंने हवाला, क्रिप्टो करेंसी और लेयरिंग के जरिए भारत से पैसा विदेश भेजा और वहां लग्जरी विला, अपार्टमेंट और महंगी कारों में निवेश किया। संपत्तियां सौरभ चंद्राकर, विकास छपारिया, रोहित गुलाटी, अतुल अरोड़ा, नितिन तिब्रेवाला और सुरेंद्र बागड़ी जैसे आरोपियों के नाम पर या उनके नियंत्रण में थीं।




