धमतरी। स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) मगरलोड में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण योजना ’मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना’ के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के अंतर्गत वर्तमान में ’असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन’ पाठ्यक्रम में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। वे सभी युवा जिन्होंने न्यूनतम 10वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
संस्था के प्राचार्य ने बताया है कि इस पाठ्यक्रम के लिए किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण शुल्क देय नहीं होगा, यह पूर्णतः निःशुल्क है। इच्छुक उम्मीदवार 30 अप्रैल 2026 तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ दसवीं की अंकसूची, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ-साथ जाति एवं निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। यह भी बताया गया है कि प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ शासकीय आईटीआई मगरलोड में नियत तिथि तक उपस्थित होकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।




