धमतरी। शहर के अलग- अलग क्षेत्रों में चल रहे सट्टा कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, नगदी और सामग्री बरामद किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क), 6(ख), 11 एवं धारा 7, 3(5) बीएनएस के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने विंध्यवासिनी वार्ड स्थित सामुदायिक भवन के पास आरोपी सुल्ताना बेगम को सार्वजनिक स्थान पर अंकों के माध्यम से सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ा। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, डॉट पेन, एक मोबाइल एवं नगदी 1,050 रुपए जब्त किया गया। इसी प्रकार रामबाग सब्जी मार्केट धमतरी में आरोपी अकबर अली को सट्टा पट्टी के माध्यम से जुआ संचालित करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, डॉट पेन, एक मोबाइल एवं नगदी 2,250 रुपए जब्त किया गया। वहीं पुलिस ने आमातालाब रोड स्थित इनडोर स्टेडियम के पास आरोपी आयुष वाघवानी को मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन एप पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के पास से एक आईफोन मोबाइल एवं नगदी 1,200 रुपए जब्त किया गया।




