धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज मगरलोड विकासखंड के ग्राम भेण्ड्री का दौरा कर वहां संचालित एमयूसी, कुक्कुट पालन इकाई तथा गौधाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने ब्राईट फ्यूचर एकेडमी के प्रशिक्षक श्री निलेश कुमार साहू से मुलाकात कर प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
गौधाम के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौधाम के प्रभावी संचालन के लिए पशुपालन विभाग के अमले, पशु मित्रों एवं स्व-सहायता समूहों (एसएचजी) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही आसपास के गांवों में भी इस मॉडल को विकसित करने पर बल दिया, ताकि पशुपालन आधारित आजीविका को बढ़ावा मिल सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्राम में सामुदायिक विकास को ध्यान में रखते हुए लाईब्रेरी एवं ओपन जिम स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं में अध्ययन एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने गांव में संचालित नशा मुक्त केन्द्र का भी अवलोकन किया और इसकी सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गौधाम में गौ माता को रोटी खिलाकर पशु संरक्षण एवं संवेदनशीलता का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से पशुधन की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझने और इसे आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।



