गरियाबंद। गरियाबंद जिले के वन परिक्षेत्र पाण्डुका अंतर्गत घटारानी के जंगल में रविवार को तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक सहायता के बाद उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर भेजा गया। तेंदुए के युवक पर हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जमाही निवासी भीखम कमार तेंदूपत्ता बांधने के लिए उपयोग होने वाली रस्सी लाने जंगल गया था। इसी दौरान लोटेश्वर महादेव मंदिर के पास छांव में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ आराम करने बैठी हुई थी। युवक अनजाने में उसकी ओर बढ़ गया। अपने बच्चों के पास किसी खतरे की आशंका से मादा तेंदुआ अचानक हमलावर होकर युवक पर झपट पड़ी। तेंदुए के हमले से युवक घबरा गया, लेकिन किसी तरह उसने खुद को बचाया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। हालांकि हमले में वह घायल हो गया।



