भालू ने किया खेत में काम कर रही दो महिलाओं पर अचानक हमला, दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल

कोरबा। कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र डीडासरई-देवपहरी के जंगल से लगे इलाके में भालू के हमले की घटना सामने आई है। जंगल से निकलकर आए एक भालू ने खेत में काम कर रही दो महिलाओं पर अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अब जंगल और खेतों की ओर जाने से पहले विशेष सावधानी बरत रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को डीडासरई-देवपहरी क्षेत्र की रहने वाली मूल्यारो बाई, उम्र 50 वर्ष और समारी बाई अपने गांव से लगे खेतों में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से एक भालू निकलकर आया। महिलाएं कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों महिलाएं घबरा गईं और अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगीं।

भालू के हमले में दोनों महिलाओं के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। हमले के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिलाओं को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने दोनों घायल महिलाओं का उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाओं की हालत अब खतरे से बाहर है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment