दो बड़ी चोरी की वारदातों सहित मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा
धमतरी। धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोर गिरोह से लाखों रुपये के सोना-चांदी के आभूषण, नगदी एवं वाहन बरामद किया है। पुलिस ने 8 आरोपी को गिरफ्तार किया। चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी एवं माल छिपाने में सहयोग करने वाली महिला भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।
धमतरी पुलिस द्वारा सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। प्रकरण में राधिका साहू, निवासी जंगलपारा नगरी द्वारा अपने घर में सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी की थाना नगरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट पर थाना नगरी में अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 305(ए), 331(4), 317(2), 112(2), 3(5) बीएनएस के तहत तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने सामूहिक रूप से चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने प्रार्थिया के सूने मकान की रेकी करने के बाद पीछे का दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया तथा लोहे के रॉड से आलमारी तोड़कर सोना-चांदी के कीमती आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली थी।
पूछताछ में आरोपियों ने थाना नगरी के एक अन्य चोरी के प्रकरण अपराध क्रमांक 47/2026 में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसमें उन्होंने एक अन्य सूने मकान में घुसकर सोना-चांदी के आभूषण, नगदी एवं सिक्कों की चोरी की थी। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू ने थाना नगरी के अपराध क्रमांक 30/2026 में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी की घटना को भी अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके आधार पर चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
चोरी के कुछ जेवर आरोपी पुष्पजीत खरे द्वारा आरोपी नोवल जैन को बेच दिए गए थे। वहीं आरोपी लक्की गुप्ता ने चोरी का कुछ सामान अपनी मां सीमा गुप्ता को छिपाने के लिए दिया था। इस प्रकार चोरी के माल को छिपाने एवं खरीदने में संलिप्त पाए जाने पर दोनों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की गई।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के निशानदेही पर 1 रानी हार, 1 मंगलसूत्र, 1 गुलबंद, 1 जोड़ी झुमका, 2 बाली,1 अंगूठी, 1 टॉप्स, चांदी के 2 करधन, 5 जोड़ी पायल, 2 चांदी के सिक्के, 1 चांदी की रिंग, सिक्के एवं नगदी रकम 11300 रूपये, 2 एप्पल मोबाइल, 2 विवो मोबाइल, चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, 1 मोटरसाइकिल क्रमांक CG-23-P-6597 बरामदगी की गई ।
8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। प्रकरण में अन्य शेष माल की पतासाजी एवं विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
(1) तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू निवासी ग्राम गजकन्हार, प्राथमिक स्कूल के पीछे, थाना नगरी
(2) लक्की गुप्ता पिता निवासी वार्ड क्रमांक 05, जंगलपारा, नगरी
(3) प्रहलाद नेताम उर्फ राहुल निवासी गणेश चौक, खोड़िया तालाब के पास, विध्यवासिनी वार्ड
(4) हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान निवासी वार्ड क्रमांक 02, जंगलपारा, नगरी
(5) पुष्पजीत खरे उर्फ जीत्तू निवासी गांधी सागर वार्ड क्रमांक 04, नगरी
(6) भावेश कुमार साहू उर्फ मेलोडी निवासी बुढ़ारावपारा, वार्ड क्रमांक 08, नगरी
(7) नोवल जैन निवासी राजाबाड़ा वार्ड क्रमांक 11, नगरी
(8) सीमा गुप्ता निवासी वार्ड क्रमांक 05, जंगलपारा, नगरी
सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।प्रकरण में चोरी गए अन्य शेष माल की बरामदगी एवं अन्य पहलुओं की जांच जारी है।








