धमतरी । पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश का थाना भखारा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति ने पत्नी की नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त नायलॉन की रस्सी को आरोपी के कमरे में बिस्तर के नीचे से बरामद कर जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने विवेचना के दौरान निवासी सुपैला आरोपी विवेक ध्रुव उर्फ गोलू से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि पत्नी द्वारा मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने की बात को लेकर विवाद एवं क्षोभ के चलते उसने 4 सितंबर की शाम लगभग 05:00 बजे कमरे में कपड़े सुखाने के लिए उपयोग की जाने वाली नायलॉन रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया। मृत्यु के बाद घटना को छिपाने एवं आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया गया।
प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विवेक ध्रुव उर्फ गोलू को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज भेजा जा रहा है।









