Dhamtari: यातायात पुलिस ने दी विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा एवं नवीन कानूनों की जानकारी

धमतरी। धमतरी पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर युवा एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात एवं कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस यातायात प्रभारी एवं यातायात स्टाफ द्वारा शासकीय नत्थू जी जगताप नगर पालिका निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी में कक्षा 09वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उनि. खेमराज साहू द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि यातायात नियम केवल चालान या कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।

विद्यार्थियों को विशेष रूप से बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनना और उसे सही तरीके से स्ट्रैप लगाकर उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। हेलमेट केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोट से बचाव के लिए जीवनरक्षक सुरक्षा उपकरण है।

चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय ड्राइवर सहित सभी यात्रियों द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग करने की समझाइश दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि वाहन में बैठते ही सबसे पहले सीट बेल्ट लगाना अपनी सुरक्षा की पहली जिम्मेदारी है।

नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विशेष रूप से नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने के संबंध में समझाइश दी गई। बताया गया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

ड्राइविंग के दौरान मोबाइल से रहें दूर
विद्यार्थियों को बताया गया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना, मैसेज करना या सोशल मीडिया का उपयोग करना दुर्घटना का बड़ा कारण बन सकता है। इसलिए वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग बिल्कुल न करें। यदि फोन पर बात करना आवश्यक हो तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर ही बात करें।

सिग्नल, स्पीड एवं लेन अनुशासन का पालन
यातायात प्रभारी द्वारा विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल, रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग एवं यातायात संकेतों का पालन करने की जानकारी दी गई। रेड सिग्नल पर रुकना, ग्रीन सिग्नल पर ही आगे बढ़ना तथा पैदल यात्रियों को जेब्रा क्रॉसिंग पर सुरक्षित रास्ता देना जैसे महत्वपूर्ण नियम समझाए गए। साथ ही ओवरस्पीडिंग एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि थोड़ी सी जल्दबाजी कई बार जिंदगी भर का नुकसान बन सकती है। इसलिए निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सड़क एवं मौसम की परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षित गति से वाहन चलाना चाहिए।

ओवरटेकिंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने की दी समझाइश
विद्यार्थियों को बताया गया कि आगे निकलने की जल्दबाजी में गलत तरीके से ओवरटेक करना, अचानक लेन बदलना, विपरीत दिशा में वाहन चलाना अथवा कट मारना अत्यंत खतरनाक है। ओवरटेक करते समय पर्याप्त दूरी, संकेतक एवं सामने से आने वाले वाहनों का ध्यान रखना आवश्यक है।

आपातकालीन वाहनों को दें प्राथमिकता
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि सड़क पर एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन वाहनों को तत्काल रास्ता देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे वाहनों को रास्ता देने में थोड़ी सी देरी किसी व्यक्ति के जीवन पर भारी पड़ सकती है।

नशे में वाहन चलाना एवं स्टंट से बचने की समझाइश

विद्यार्थियों को नशे की हालत में वाहन चलाने के गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही सड़क पर बाइक स्टंट, रेसिंग, तेज गति एवं खतरनाक ड्राइविंग से दूर रहने की समझाइश दी गई। बताया गया कि सोशल मीडिया के लिए बनाए गए कुछ सेकंड के वीडियो के चक्कर में अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालना समझदारी नहीं है। मोटर वाहन कानून में तेज गति, खतरनाक ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने के लिए प्रावधान हैं।

पैदल यात्रियों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं का सम्मान
विद्यार्थियों को पैदल यात्रियों, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील रहने तथा सड़क पर सभी की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। सड़क पर चलते समय धैर्य, अनुशासन एवं जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की गई।

वाहन के आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षित ड्राइविंग
विद्यार्थियों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज, बीमा एवं अन्य वैधानिक आवश्यकताओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। वाहन की स्थिति ठीक रखने, ब्रेक, लाइट, इंडिकेटर, टायर आदि की समय-समय पर जांच कराने तथा ओवरलोडिंग से बचने की समझाइश दी गई।

साइबर फ्रॉड से बचाव एवं नवीन कानूनों की जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया। OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया फ्रॉड से सावधान रहने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य  नविता तिवारी, व्याख्याता हरीश सिन्हा, बी. जगताप, टोमन लाल ध्रुव, अमरजीत बेदी, राजेश मिश्रा, राहुल चौरे, कमलेश तिवारी, बबीता साहू, संतोषी अग्रवाल, दिव्या नाहटा, रीना साहू, ओलिविया नेताम, निधि सिन्हा, गिरीश गजपाल, घनश्याम पैकरा, नरेंद्र शर्मा, देव सिन्हा, रागिनी चौहान, प्रवीण साहू, अरुणा जाधव, शोभा निर्मलकर एवं रिंकी साहू, यातायात स्टाफ सहित 410 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment