Dhamtari: जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न, समाज प्रमुखों ने शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने दिया सहयोग का भरोसा

धमतरी ….. आगामी पर्व-त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर   इंदिरा देवहारी एवं सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने की। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रमुखों, सामाजिक संगठनों और समिति प्रतिनिधियों के साथ जिले में शांति, कानून व्यवस्था तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने सभी समाज प्रमुखों से आगामी पर्व-त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुझाव प्राप्त किए। उपस्थित प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, रैली अथवा सार्वजनिक आयोजन का आयोजन निर्धारित स्थल पर सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद ही किया जाएगा। समाज प्रमुखों से इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने और आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें।
बैठक में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने जिले में शांति, सद्भाव और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment