धमतरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला धमतरी द्वारा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026 के सफल आयोजन के उपरांत जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर में अर्जित खेल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में 09 मई से 08 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का संचालन किया गया, जिसमें विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी खिलाड़ी अपने कौशल और प्रदर्शन का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के तहत 06 जून 2026 को कराते, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कराते में 45, 50 एवं 55 किलोग्राम वजन वर्ग, वेटलिफ्टिंग में 48, 53 एवं 64 किलोग्राम वजन वर्ग तथा कुश्ती में 50, 55 एवं 60 किलोग्राम वजन वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। वहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जाएगी।
इसी क्रम में 08 जून 2026 को योगासन एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विकासखंडों तथा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों से जुड़े खिलाड़ी भाग लेंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने, खेल प्रतिभाओं को पहचान देने तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए नई प्रतिभाएं तैयार हो सकेंगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में जिले के चयनित अग्निवीर युवाओं का सम्मान भी किया जाएगा। विभाग ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से प्रतियोगिताओं एवं समापन समारोह में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।








