धमतरी। शहर के रामपुर वार्ड स्थित डबरी पारा में जल निकासी की समस्या अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। बारिश से पहले ही क्षेत्र में गंदे पानी, दलदल और बदबू की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दशकों से समस्या जस की तस बनी हुई है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने इसका स्थायी समाधान नहीं किया. आगामी मानसून को देखते हुए उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो एक बार फिर घरों और गलियों में गंदा पानी भर जाएगा।
रामपुर वार्ड के डबरी पारा में करीब 100 फीट लंबे और 30 फीट चौड़े गहरे गड्ढे में आसपास के घरों का निकासी पानी एकत्रित होता है. वर्षों से यह गड्ढा गंदे पानी, कचरे और दलदल से भरा हुआ है. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यहां कई फीट तक पानी जमा रहता है, जिससे लगातार दुर्गंध फैलती रहती है. गर्मी के दिनों में बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जबकि बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं.
वार्डवासी मिलापा साहू का कहना है कि डबरी और सड़क का जलस्तर लगभग बराबर हो चुका है. ऐसे में कभी भी पानी सड़कों और घरों में घुस सकता है. बच्चे खेलते समय अक्सर यहां गिर जाते हैं, वहीं गाय या दूसरे जानवर के भी दलदल में फंसने और गिरने की घटनाएं होती रहती हैं।
उपेक्षा का आरोप
वार्डवासियों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि चुनाव के दौरान नेता और जनप्रतिनिधि वोट मांगने तो पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद क्षेत्र की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं देता. लोगों का आरोप है कि विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वे सभी वादे भूल जाते हैं.









