धमतरी। जिले में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपियों को कुरुद पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई एक्टिवा,मोबाइल एवं घटना में प्रयुक्त कार बरामद किया है. पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना कुरुद के ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे से 11 जुलाई की रात्रि करीब 2 बजे मगरलोड जाने के दौरान ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के समीप विश्राम करने के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट कर 9,000 रूपये नगद, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन एवं एक्टिवा वाहन लूट लिया और घटनास्थल से फरार हो गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संदेहियों ने लूट करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 ND 9188 बरामद कर जब्त किया गया । लूटी गई एक्टिवा को उड़ीसा राज्य के जिला नुवापाड़ा स्थित डरलीमुड़ा में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस टीम द्वारा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों अनुज ध्रुव, भूपेश उर्फ कंजे ध्रुवंशी, संजय विश्वकर्मा, राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद,योगेन्द्र उर्फ योगी यादव,तीरथ यादव,अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर एवं पुरन उर्फ राजा रात्रे की अपराध में संलिप्तता प्रमाणित पाए जाने पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।









