विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत जिले की 8 पैक्स में बनेंगे, 1000-1000 एमटी क्षमता के गोदाम
धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास एवं समन्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयोजक एवं उपायुक्त सहकारिता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक धमतरी के नोडल अधिकारी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक तथा एनसीसीएफ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में ‘सहकार से समृद्धि’ के अंतर्गत संचालित विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत गोदाम निर्माण की प्रगति एवं आगामी कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा उपरांत जिले की 8 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) — कातलबोड़, तरसींवा, भाठागांव, लोहरसी, संबलपुर, कोलियारी, छाती एवं मगरलोड में 1000-1000 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोदाम निर्माण की सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से किसानों को आधुनिक भंडारण सुविधा उपलब्ध होगी, कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण को बढ़ावा मिलेगा तथा सहकारी समितियों को भी मजबूती मिलेगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आज जिला विकास समन्वय एवं समन्वयन समिति की बैठक में ‘सहकार से समृद्धि’ के अंतर्गत विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना की समीक्षा की गई। जिले की 8 पैक्स में 1000-1000 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों को बेहतर भंडारण सुविधा मिलेगी और सहकारी समितियां भी अधिक सशक्त होंगी।









