धमतरी।शहर के डाक बंगला वार्ड में पिछले एक सप्ताह से गहराए पेयजल संकट और दूषित पानी की आपूर्ति को लेकर आज वार्ड वासियों का गुस्सा फूट पड़ा। नलों से आ रहे बदबूदार और गंदे पानी से परेशान महिलाओं और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कार्यालय के मुख्य द्वार पर मटके फोड़े।
वार्ड वासियों का आरोप है कि पिछले 7 दिनों से नलों में बेहद गंदा पानी आ रहा है, जो पीने तो क्या, निस्तारी के लायक भी नहीं है। इस दूषित पानी के सेवन और उपयोग से वार्ड में बीमारियां फैल रही हैं। स्थानीय निवासी सुशीला देवांगन ने बताया कि गंदा पानी पीने से उनके परिवार के लोग बीमार हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वार्ड के कई बच्चों और बुजुर्गों में उल्टी-दस्त तथा त्वचा में खुजली और रैशेज (संक्रमण) की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।








