जिले में पहली बार SAFEMA के तहत मादक पदार्थ तस्करों की 35.85 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज

धमतरी। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कार्यवाही करते हुए नशे के अवैध व्यापार से अर्जित संपत्तियों पर सीधा आर्थिक प्रहार किया है। जिले में पहली बार मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को चिन्हांकित कर SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के तहत फ्रीज करने की कार्यवाही की गई है।

नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी एवं थाना प्रभारी कोतवाली के विस्तृत जांच एवं वित्तीय विश्लेषण के माध्यम से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों की संपत्तियों की जानकारी एकत्रित की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों द्वारा अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि को बैंक खातों, बीमा योजनाओं, निवेश, वाहनों एवं अचल संपत्तियों में निवेश किया गया था। उक्त संपत्तियों को चिन्हांकित कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत फ्रीज करने की कार्यवाही की गई।

प्रथम SAFEMA प्रकरण में आरोपी आरती रजक की बैंक खातों एवं बीमा योजनाओं में निवेशित कुल 12,93,636.76 रूपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई है।

द्वितीय SAFEMA प्रकरण में आरोपी करण सिंह धुरी, उषा बाई धुरी एवं जाइका धुरी की बैंक खातों, वाहन एवं अचल संपत्तियों सहित कुल 22,91,479.75 रूपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई है।

इस प्रकार दोनों प्रकरणों में कुल 35,85,116.51 रूपये (पैंतीस लाख पचासी हजार एक सौ सोलह रुपये इक्यावन पैसे) मूल्य की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।

उल्लेखनीय है कि संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में NDPS Act के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध हैं तथा उनके विरुद्ध PITNDPS Act के तहत भी कार्यवाही की जा चुकी है। धमतरी पुलिस की यह कार्यवाही स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति को किसी भी स्थिति में सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।

फ्रीज की गई संपत्तियों से संबंधित प्रकरणों को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु सक्षम प्राधिकारी, मुंबई को प्रेषित किया गया है। धमतरी पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के विरुद्ध आर्थिक कार्यवाही का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment