रायगढ़। पुलिस ने जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप को जब्त किया। मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य के गांजा सहित परिवहन में प्रयुक्त दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया।
जानकारी के अनुसार आज सुबह उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप दो सफेद रंग की कारों के माध्यम से अनूपपुर (मध्यप्रदेश) ले जाई जा रही थी। सूचना की पुष्टि होने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लैलूंगा पुलिस को तत्काल नाकेबंदी कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस द्वारा विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी की गई।
इसी दौरान कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक इनोवा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। एक सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा में दो नंबर प्लेट लगी हुई पाई गई। वाहन में नंबर प्लेट OD-10-H-0050 के नीचे CG-13-BY-6540 अंकित नंबर प्लेट लगी हुई थी। संदिग्ध पाए जाने पर प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव द्वारा इनोवा वाहन में बैठे युवक निखील कश्यप और मारूति सुजुकी XL6 कार में सवार दो युवक रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र मौर्य, तीनों व्यक्तियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा का कुल वजन लगभग 300 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये है।पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा वाहन (कीमत लगभग 20 लाख रुपये), मारुति सुजुकी एक्सएल-6 (कीमत लगभग 14 लाख रुपये) तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी जब्त किए हैं।









