छात्राओं को मिली आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना की सौगात, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुरुद में 8 नवीन कक्षों एवं शौचालय परिसर का लोकार्पण

धमतरी। धमतरी जिले के कुरुद स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। विद्यालय परिसर में नव-निर्मित 8 आधुनिक कक्षों एवं शौचालय परिसर का लोकार्पण मुख्य अतिथि कुरुद विधायक  अजय चंद्राकर ने ने किया ।
यह निर्माण कार्य राउण्ड टेबल इंडिया के सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत रायपुर कैपिटल राउण्ड टेबल 241 द्वारा कराया गया। परियोजना का शुभारंभ दिसंबर 2024 में हुआ था तथा निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूर्ण कर जून 2026 में इसे विद्यालय प्रशासन को विधिवत हस्तांतरित कर दिया गया।

इस अवसर पर विधायक  अजय चंद्राकर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है। नवीन कक्षों एवं स्वच्छ शौचालय सुविधाओं के निर्माण से छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं प्रेरणादायी शिक्षण वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक उपलब्धियों में सकारात्मक वृद्धि होगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक संगठनों के योगदान की सराहना करते हुए इसे जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

राउण्ड टेबल इंडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि संगठन “Adopt, Adapt, Improve” की भावना के साथ देशभर में शासकीय विद्यालयों में आधारभूत अधोसंरचना के विकास, बाल शिक्षा एवं सामुदायिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, स्वच्छता सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम में रायपुर कैपिटल राउण्ड टेबल 241 के अध्यक्ष  अक्षत टंडन, तत्कालीन अध्यक्ष (IPC)  प्रतीक बेरीवाल, सचिव नैतिक पारेख, कोषाध्यक्ष गौरव वाधवानी, उपाध्यक्ष सत्यदीप सोनार, राष्ट्रीय सचिव श्यामाशीष लेंका, क्षेत्रीय अध्यक्ष अमित बराडिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (AVC) गगनदीप अरोरा तथा क्षेत्रीय सचिव (AST) रोहित बुटी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी, विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने राउण्ड टेबल इंडिया एवं रायपुर कैपिटल राउण्ड टेबल 241 के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment