खरेगा हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति किया गया जागरूक

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने तथा अपराध एवं नशे के विरुद्ध सामाजिक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से स्कूलों, महाविद्यालयों एवं ग्रामों में लगातार जनजागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा ग्राम खरेगा हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें नशामुक्ति, महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों तथा कानून संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, नशामुक्त जीवन के महत्व, महिला एवं बालिका सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, यातायात नियमों के पालन, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों तथा कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया।

बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने तथा हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ उज्ज्वल भविष्य निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर देते हुए उन्हें कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। धमतरी पुलिस ने भविष्य में भी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही, ताकि युवाओं में कानून के प्रति विश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और सुरक्षा के प्रति जागरूकता और अधिक मजबूत हो सके।

उक्त कार्यक्रम में स्कूल का प्राचार्य,शिक्षकगण,थाना अर्जुनी के पुलिस अधिकारी सहित अधिक संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment