धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम चारभांटा में शुक्रवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चारभांटा निवासी राहुल साहू ट्रैक्टर लेकर गुदगुदा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान दीक्षा साहू (5) और तोषण साहू दौड़ते हुए सड़क पार कर रहे थे। तभी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में दीक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन तत्काल घायल बच्ची को जिला अस्पताल धमतरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।










