धमतरी। धमतरी पुलिस परिवार के लिए आज का दिन भावुक, गौरवपूर्ण एवं स्मरणीय रहा। पुलिस विभाग में वर्षों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी सेवाएं देने वाले निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी एवं सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा (काटेन्द्र) के सेवानिवृत्त होने पर धमतरी पुलिस द्वारा विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के दीर्घ सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा एवं विभाग के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल की सराहना की। अपने उद्बोधन में एसपी ने कहा कि सरकारी सेवा का सेवाकाल निश्चित होता है, लेकिन उस अवधि में पूरी ईमानदारी, लगन और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य हमेशा याद रहता है। उन्होंने कहा कि जिस अवधि के लिए हमें जिम्मेदारी सौंपी जाती है, उस दौरान अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने दोनों अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में कठिन परिस्थितियों के बीच भी पूरी मेहनत, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। पुलिस विभाग को उनके अनुभव एवं योगदान का सदैव स्मरण रहेगा।
निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी – लगभग 39 वर्ष 05 माह 30 दिन की सेवा
निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी ने 1 फरवरी 1987 को पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर अपनी सेवा प्रारंभ की। उन्होंने लगभग 39 वर्ष 05 माह 30 दिन की लंबी एवं गौरवपूर्ण पुलिस सेवा पूर्ण की। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने जिला जगदलपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव एवं धमतरी सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। निरंतर कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुभव के साथ विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने निरीक्षक के पद तक पदोन्नति प्राप्त की।
सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा – लगभग 36 वर्ष 09 माह 22 दिन की सेवा
सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा (काटेन्द्र) ने 9 अक्टूबर 1989 को आरक्षक के पद पर पुलिस विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की। उन्होंने लगभग 36 वर्ष 09 माह 22 दिन की पुलिस सेवा पूर्ण की।
सेवाकाल के दौरान उन्होंने दंतेवाड़ा, कांकेर, धमतरी एवं बालोद सहित विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएं दीं तथा विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पदोन्नति प्राप्त कर सहायक उप निरीक्षक के पद तक पहुंचे।
पुलिस परिवार ने दी भावभीनी विदाई
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा धमतरी पुलिस परिवार द्वारा दिए गए सम्मान एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।धमतरी पुलिस परिवार दोनों अधिकारियों को उनकी दीर्घ, समर्पित एवं गौरवपूर्ण पुलिस सेवा के लिए नमन करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति एवं समृद्धि की हार्दिक शुभकामनाएं देता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी शैलेंद्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, स्टेनो निरीक्षक (एम) अखिलेश शुक्ला, मुख्य लिपिक निरीक्षक (एम) लक्ष्मी ध्रुव, उप निरीक्षक (एम) चंद्र भूषण साहू, सहायक उप निरीक्षक (एम) सीमा देहारी, सहायक उप निरीक्षक रिखी राम साहू, शिव मिश्रा, टीका राम साहू, राजेश दिवान, दूज राम सोनवानी, रामावतार राजपुत, लता राजपुत सहित सेवानिवृत्त अधिकारी के परिजन एवं पुलिस कार्यालय धमतरी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










