कुरुद। बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने कुरुद के विद्युत् विश्राम गृह में बुधवार को विद्युत् उपभोक्ता सेवा सुधार विषय पर संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ विद्युत् उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (रायपुर ग्रामीण क्षेत्र ) के अध्यक्ष अशोक खंडेलवाल ने उपभोक्ताओं को शिकायत निवारण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बिल संबंधी त्रुटि, कम या अधिक वोल्टेज, ट्रांसफार्मर ख़राब होने, नए बिजली कनेक्शन समेत अन्य समस्याओं के लिए पहले संबंधित वितरण केंद्र या उपसंभाग के कनिष्ठ अभियंता अथवा सहायक अभियंता से संपर्क करना चाहिए। निर्धारित स्तर पर समाधान नहीं होने पर उपभोक्ता फोरम में निःशुल्क शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और शिकायत निवारण व्यवस्था के प्रति कागृक करना है। इस दौरान 1912 टोल फ्री हेल्पलाइन, मोर बिजली मोबाईल एप और विभागीय कार्यालय के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।









