कुरूद-अभनपुर नई रेल लाइन पर 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हाई स्पीड ट्रेन का सफल परीक्षण
कुरूद। रायपुर-धमतरी रेल परियोजना के तहत कुरूद से अभनपुर के बीच तैयार की गई नई बड़ी रेल लाइन पर बुधवार 17 जून को हाई स्पीड ट्रेन का सफल परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान ट्रेन ने 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाई और करीब 24 किलोमीटर का सफर लगभग 12 मिनट में पूरा किया।
इस महत्वपूर्ण परीक्षण के साथ धमतरी जिले में बड़ी रेल लाइन से यात्री ट्रेन शुरू होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। वर्षों पुरानी रेल सुविधा की मांग अब पूरी होने के करीब दिखाई दे रही है।
रेलवे टीम ने परखे तकनीकी मानक
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी टीम की मौजूदगी में हुए इस स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक की मजबूती, ट्रेन की गति में संतुलन, सुरक्षा मानकों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार परीक्षण के दौरान कोई बड़ी तकनीकी खामी सामने नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक हाई स्पीड ट्रेन रायपुर से निरीक्षण करते हुए पहले कुरूद रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां आवश्यक तकनीकी जांच और प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोपहर 1 बजकर 3 मिनट पर स्पीड ट्रायल शुरू किया गया।
रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की प्रक्रिया –
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्पीड ट्रायल की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
संभावना जताई जा रही है कि रायपुर से अभनपुर, कुरूद होते हुए धमतरी तक बड़ी रेल लाइन पर यात्री ट्रेन सेवा इसी वर्ष शुरू हो सकती है। रेल सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी, वहीं व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
वर्षों पुराना सपना अब साकार होने की ओर –
रायपुर-धमतरी रेल परियोजना क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग रही है। लगातार सफल परीक्षणों के बाद अब धमतरी अंचल के लोगों का बड़ी रेल लाइन से जुड़ने का सपना जल्द पूरा होता नजर आ रहा है।









