भखारा के युवाओं को मिली स्मार्ट लाइब्रेरी की सौगात, विधायक अजय चंद्राकर ने किया शुभारंभ

धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड के भखारा क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने भखारा में स्मार्ट लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। लगभग 10 लाख रुपये की लागत से विकसित इस अत्याधुनिक लाइब्रेरी का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है।
स्मार्ट लाइब्रेरी में युवाओं के लिए इंटरनेट सुविधा से युक्त पांच कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही एक समय में लगभग 30 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि लाइब्रेरी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी, जिससे विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री तक सहज पहुंच मिल सकेगी।
शुभारंभ अवसर पर विधायक  अजय चंद्राकर ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के युवाओं को भी शहरों जैसी अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह स्मार्ट लाइब्रेरी विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने के साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में मदद करेगी।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। विधायक अजय चंद्राकर ने काजू का पौधा लगाया, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने अमरूद तथा कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कटहल का पौधा रोपित किया।
पौधारोपण के दौरान विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति, मातृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव को मजबूत करने वाला अभिनव प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। स्मार्ट लाइब्रेरी के शुभारंभ से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का वातावरण देखा गया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail