रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने खनन क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘क्रिटिकल मिनरल मिशन’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (सीएमडीसी) और जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम अनुसंधान, विकास एवं डिजाइन केंद्र (जेएनएआरडीडीसी), नागपुर के बीच शनिवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस एमओयू के जरिए राज्य में क्रिटिकल मिनरल्स के वैज्ञानिक अनुसंधान, खनिज संसाधनों के मूल्य संवर्धन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही खनिज संपदा का योजनाबद्ध और सतत दोहन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
एमओयू आदान-प्रदान कार्यक्रम में भारतीय खान ब्यूरो के कंट्रोलर जनरल एवं जेएनएआरडीडीसी के निदेशक पंकज कुलश्रेष्ठ और सीएमडीसी के मुख्य महाप्रबंधक संजय कनकने ने दस्तावेजों का औपचारिक आदान-प्रदान किया।
इस दौरान खनिज साधन विभाग के सचिव पी. दयानंद, सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह और प्रबंध संचालक रजत बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।










