रायपुर। राजधानी के मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी, जिसके चलते जन्म के कुछ ही देर बाद नवजात शिशु की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के दरभंगा की रहने वाली गर्भवती महिला लक्ष्मी देवी सिकंदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं। ट्रेन के दुर्ग स्टेशन से आगे बढ़ते ही उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सहयात्रियों ने टीटीई को सूचना दी, जिसके बाद रायपुर स्टेशन प्रशासन को अलर्ट भेजकर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
ट्रेन के रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंचने के बाद भी वहां कोई सक्रिय मेडिकल यूनिट मौजूद नहीं थी। महिला की हालत बिगड़ती देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद महिला यात्रियों और सफाई कर्मचारियों ने मानवता का परिचय देते हुए साड़ियों और चादरों से घेरा बनाकर प्रसव कराने की व्यवस्था की। बाद में रेलवे के डॉक्टर मौके पर पहुंचे और प्रसव प्रक्रिया पूरी कराई, लेकिन समय पूर्व जन्म और तत्काल इलाज के अभाव में नवजात को बचाया नहीं जा सका।








