धमतरी में पुलिस ने फिर लौटाये 151 गुम मोबाइल, नागरिकों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में संचालित “गुम मोबाइल वापसी अभियान” के तहत आज पुलिस लाईन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में विशेष मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर धमतरी  जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर धमतरी श्अविनाश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिले भर से गुम हुए एवं पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता से खोजे गए 151 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। उल्लेखनीय है कि कुछ मोबाइल फोन ओड़िशा एवं मध्यप्रदेश में उपयोग किए जा रहे थे, जिन्हें धमतरी पुलिस की साइबर टीम द्वारा ट्रेस कर रिकवर किया गया और धारकों को लौटाया गया.

उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस द्वारा पूर्व में भी प्रभावी कार्यवाही करते हुए नवरात्रि में 108 सहित कुल 670 से अधिक गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इस अभियान से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास एवं संतोष का वातावरण निर्मित हुआ है। मोबाइल प्राप्त कर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए धमतरी पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक का आभार जताया। कई हितग्राहियों ने बताया कि वर्षों पहले गुम हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद उन्होंने छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस की इस पहल ने आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत किया है।

मोबाइल प्राप्त करने के बाद हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
ग्राम रावां निवासी श्री सीताराम गजेन्द्र ने भावुक होकर बताया कि वे कुर्रा बाजार में प्याज खरीद रहे थे, तभी पलक झपकते ही उनका मोबाइल जेब से गायब हो गया था। लगभग कुछ महिने पहले उन्होंने अपने मोबाइल के वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस के प्रयासों से मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “मेरे पास धमतरी पुलिस का धन्यवाद करने के लिए शब्द नहीं हैं।

इसी प्रकार एक अन्य रायपुर से आये हितग्राही कल्पेश ने बताया कि धमतरी में मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने भी उसके मिलने की पूरी उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस द्वारा मोबाइल वापस लौटाए जाने पर उन्होंने पूरे पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में सभी हितग्राहियों ने मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने एसपी धमतरी सहित धमतरी पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया एवं धमतरी पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताया।

गुम मोबाइल वापसी अभियान” – आम जनता के लिए राहत का माध्यम
आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। मोबाइल गुम होने या चोरी हो जाने पर न केवल आर्थिक क्षति होती है, बल्कि महत्वपूर्ण दस्तावेज, व्यक्तिगत जानकारी एवं आवश्यक डाटा भी प्रभावित होता है। धमतरी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार ने अपने उद्बोधन की शुरुआत में दो दिन पहले गश्त ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए प्रधान आरक्षक स्वर्गीय विजय बैरागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि मोबाइल आज प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का आवश्यक अंग बन चुका है। उन्होंने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि मोबाइल गुम होने की पीड़ा को वे स्वयं भी समझते हैं, इसलिए धमतरी पुलिस आम नागरिकों को राहत पहुंचाने हेतु पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

महापौर धमतरी जगदीश रामू रोहरा ने गुम मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाने की कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस आमजन के हित में लगातार सराहनीय एवं विश्वास बढ़ाने वाले कार्य कर रही है, लगातार अपराधों में कमी आ रही है, नशे के विरुद्ध भी उल्लेखनीय काम हुआ है l उन्होंने आगे कहा कि वर्षों से गुम मोबाइल वापस मिलना नागरिकों के लिए बड़ी राहत एवं खुशी की बात है तथा इससे जनता और पुलिस के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

कलेक्टर धमतरी अविनाश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक, साइबर ट्रैकिंग एवं बेहतर टीमवर्क के माध्यम से गुम मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने का कार्य अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी है। उन्होंने कहा कि इस पहल के लिए पुलिस कप्तान और उनकी टीम बधाई की पात्र है l

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मोबाइल हितग्राही उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail