निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल एवं अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा

धमतरी।  जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, समाज कल्याण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा क्रेडा सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों द्वारा संचालित कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हों तथा गुणवत्ता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करें।

उन्होंने जिले में निर्माणाधीन सड़कों, छोटे पुल एवं पुलियों, शासकीय भवनों, पेयजल परियोजनाओं तथा अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने विशेष रूप से वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों तथा मार्गों की शीघ्र मरम्मत, गड्ढों की भराई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन कार्यों में तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से विलंब हो रहा है, उनकी बाधाओं का त्वरित निराकरण कर कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन, गुणवत्ता परीक्षण, सामग्री की जांच तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यपालन अभियंता और ठेकेदार उपस्थित थे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment