धमतरी। जिले के गंगरेल डुबान प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर ग्राम अकलाडोंगरी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप नवीन नलकूप का सफलतापूर्वक खनन कराया गया है, जिससे क्षेत्र में पेयजल सुविधा सुनिश्चित हो गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत 5 जून को ग्राम कोड़ेगांव-बी में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों ने अकलाडोंगरी में प्रारंभ होने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। ग्रामीणों की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने तत्काल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
निर्देश प्राप्त होते ही विभागीय अधिकारियों ने प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करते हुए अल्प समय में नवीन नलकूप का खनन कराया। नलकूप से स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन की संवेदनशीलता, तत्परता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए जिला प्रशासन, कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
यह पहल शासन की जनकल्याणकारी सोच, प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली तथा अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है।









