धमतरी। भखारा क्षेत्र में लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त वाहन, चाकू, 3 मोबाइल एवं 30,000 रूपये नगद बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। वहीं, विधि से संघर्षरत एक अपचारी बालक का सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ अपने मवेशियों को छोटा हाथी वाहन से 6 जुलाई की रात्रि लगभग 10:00 बजे ग्राम रिवागहन स्थित अपने चाचा खेमूराम बंजारे के यहां ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री एवं गुजरा के मध्य एक तूफान वाहन में सवार चार आरोपियों ने मनीष सोमवानी का रास्ता रोका । इसके बाद आरोपियों ने मनीष सोनवानी एवं उसके पिता को मवेशी परिवहन करने की बात को लेकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ, मुक्का एवं लात से मारपीट की और धारदार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने मनीष से 50,000 रूपये नगद लूट लिए तथा 28,500 रूपये क्यूआर कोड के माध्यम से आरोपी नीरज ध्रुवंशी के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन क्रमांक CG 05 X 4660, एक धारदार चाकू, 03 नग मोबाइल फोन तथा लूटी गई राशि में से 30,000/-रूपये नगद गवाहों के समक्ष जब्त किया । आरोपियों नागेंद्र साहू, नीरज ध्रुवंशी एवं विनय ध्रुवंशी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। वहीं, विधि से संघर्षरत एक अपचारी बालक का सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।









