कुरूद। धमतरी जिले के मेघा ग्राम में देर रात मरीज को अस्पताल छोड़कर लौट रही संजीवनी 108 एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। एम्बुलेंस में सवार डॉक्टर और पायलट को मामूली चोटें आईं और दोनों सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की 108 एम्बुलेंस मरीज को कुरूद अस्पताल छोड़कर वापस लौट रही थी। देर रात मेघा पेट्रोल पंप के पास अंधेरे में बिना रेडियम और संकेतक वाले डिवाइडर के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर डॉक्टर और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस को हटाकर यातायात बहाल किया गया।







