धमतरी। जिले में पैकेज्ड पेय पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। करेली बड़ी क्षेत्र में एक दो वर्षीय बच्ची की तबीयत उस समय बिगड़ गई, जब उसने 10 रुपये का फ्रूटी पाउच पी लिया। घटना के बाद परिजनों ने पाउच की जांच की तो उसके अंदर करीब 3 इंच लंबा संदिग्ध अवशेष दिखाई दिया, जिसे लेकर इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने स्थानीय दुकान से 100 एमएल का फ्रूटी पाउच खरीदा था। बच्ची ने जैसे ही पेय पदार्थ का कुछ हिस्सा पिया, उसकी तबीयत अचानक खराब होने लगी। इसके बाद परिजनों ने पाउच को देखा तो उसमें एक अजीब तरह का अवशेष नजर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अवशेष को जांच के लिए भेजा गया। जांच में पाउच के अंदर छिपकली की चमड़ी होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








