बीमार तोते को मिला समय पर इलाज, पशु चिकित्सालय कुरूद में बची नन्ही जान

सर्दी-बुखार से पीड़ित करीब एक साल के तोते का डॉक्टरों ने किया उपचार, दवाओं के साथ दी विशेष देखभाल की सलाह

कुरूद। इंसानों की तरह बेजुबान पक्षियों को भी समय पर उपचार और देखभाल की जरूरत होती है। इसी संवेदनशीलता की मिसाल आज कुरूद के पशु चिकित्सालय में देखने को मिली, जब सर्दी और बुखार से पीड़ित करीब एक वर्ष उम्र का एक युवा तोता को उपचार के लिए लाया गया।

तोते की हालत देखकर उसके मालिक ने तत्काल उसे पशु चिकित्सालय पहुंचाया। यहां पशु चिकित्सकों ने पक्षी की बारीकी से चिकित्सकीय जांच की और उसके स्वास्थ्य की स्थिति का परीक्षण किया। जांच में सर्दी और बुखार के लक्षण पाए गए। चिकित्सकों ने बिना देर किए आवश्यक उपचार शुरू किया।

तोते को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एंटीबायोटिक दवा और मल्टीविटामिन सिरप दिया गया। उपचार के साथ ही पक्षी के मालिक को उसकी देखभाल और स्वास्थ्य की निगरानी के संबंध में जरूरी सुझाव भी दिए गए। चिकित्सकों ने सलाह दी कि तोते को स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर रखा जाए, पर्याप्त आराम दिया जाए और उसके खान-पान तथा स्वास्थ्य में होने वाले किसी भी बदलाव पर नजर रखी जाए।

पशु चिकित्सालय में बेजुबान पक्षी को मिले इस उपचार ने यह संदेश भी दिया कि पशु चिकित्सा सेवा केवल बड़े पशुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जीव के स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है। समय पर मिली चिकित्सा से तोते के स्वस्थ होने की उम्मीद बढ़ी है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment