बेसुध दोस्त को बचाने हाथ ठेले में लादकर युवक पहुंचा जिला अस्पताल

धमतरी। धमतरी में मंगलवार दोपहर जिला अस्पताल परिसर में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला।  जहां लोग एंबुलेंस का इंतजार करते हैं, वहीं एक युवक अपने बेसुध दोस्त को हाथ ठेले में लादकर पैदल जिला अस्पताल पहुंच गया।

आमापारा निवासी संतोष सोनवानी, जो गैरेज से अस्पतालों, मेडिकल स्टोर और अन्य प्रतिष्ठानों तक सामान पहुंचाने का काम करता है, मंगलवार दोपहर रत्नाबांधा स्थित शराब दुकान के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर अपने दोस्त विक्की पर पड़ी, जो बेसुध अवस्था में सड़क किनारे पड़ा था। किसी अनहोनी की आशंका से संतोष ने बिना देर किए उसे बचाने का फैसला किया।

संतोष के पास मोबाइल फोन नहीं था, इसलिए वह 108 एंबुलेंस को सूचना भी नहीं दे सका। ऐसे में उसने अपने हाथ ठेले को ही सहारा बनाया और विक्की को उसमें लिटाकर पैदल जिला अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल स्ट्रेचर की सहायता से उसे आपातकालीन कक्ष में भर्ती कर उपचार शुरू किया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment