रायपुर । प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से मुंगेली जिले में पात्र परिवारों के पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है। अपना पक्का घर हर परिवार का सबसे बड़ा सपना होता है। जब यह सपना साकार होता है तो केवल एक मकान नहीं बनता, बल्कि परिवार को सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया आधार मिलता है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना ने ऐसे ही अनेक परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय जोड़ा है।
इसी कड़ी में नगर पंचायत जरहागांव के निवासी उमाशंकर सोनी का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब साकार हो चुका है। उमाशंकर सोनी लंबे समय तक कच्चे मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने, दीवारों में नमी और मौसम की मार से परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सुरक्षित और पक्के आवास का सपना आर्थिक सीमाओं के कारण अधूरा था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता के आधार पर उन्हें आवास की स्वीकृति मिली। शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता के माध्यम से उन्होंने अपना पक्का और मजबूत घर तैयार किया। आज उनका परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहा है।
उमाशंकर सोनी बताते हैं कि पक्का घर मिलने के बाद उनके परिवार की सबसे बड़ी चिंता दूर हो गई है। अब बारिश, तेज धूप या अन्य मौसम की परिस्थितियों का भय नहीं रहता। बच्चों को भी सुरक्षित वातावरण मिला है और पूरे परिवार के जीवन में स्थिरता एवं आत्मविश्वास आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। यह योजना आवास उपलब्ध कराने के साथ ही परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का भरोसा भी देती है।










