विश्व पर्यावरण दिवस पर धमतरी पुलिस का अनूठा संदेश : योग और पौधरोपण के माध्यम से स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की पहल

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में आज रक्षित केंद्र धमतरी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया।
यह इनके द्वारा आयोजित तीसरा योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर था,और इस तरह के कुल पांचवा योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर है जो पिछले एक वर्ष में पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित किया गया है।
उन्होंने योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान एवं स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार के सतत मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उनके उत्कृष्ट योगदान एवं योग के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें हाल ही में महामहिम राज्यपाल महोदय द्वारा सम्मानित किया गया है।

आज आयोजित योग शिविर में उनके योगदान एवं पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करने के सराहनीय प्रयासों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा दोनों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “योग का वास्तविक अर्थ जुड़ना है। योग हमें शरीर, मन एवं आत्मा से जोड़ता है। पुलिस सेवा स्वभावतः चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग एवं प्राणायाम तनाव प्रबंधन का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को नियमित रूप से योग अपनाना चाहिए तथा अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।”

योग शिविर के उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संवर्धन हेतु सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक  ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। अधिक से अधिक पौधरोपण कर तथा उनकी देखभाल सुनिश्चित कर हम प्रकृति एवं मानव जीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस बल के स्वास्थ्य संवर्धन, तनाव प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर नवाचारपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। योग एवं पौधरोपण जैसे कार्यक्रम न केवल पुलिस बल को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, उप पुलिस अधीक्षक  मीना साहू, उप पुलिस अधीक्षक  यशकरण दीप ध्रुव एवं जिले के थाना प्रभारी, सहित पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail